रेलवे स्टेशन पर कछुओं की तस्करी का खुलासा, RPF ने 311 जीवित कछुए किए बरामद
MP.Turtle smuggling busted , railway station, RPF recovers 311, turtles

 

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़ किया है। नियमित चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो बैगों में भरे कुल 311 जीवित कछुए बरामद किए गए, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

आरपीएफ के अनुसार आरोपी की पहचान रेलवे कोच अटेंडर के रूप में काम करने वाले अजय सिंह राजपूत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से बड़ी संख्या में कछुए मिले, जिसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई संभाली। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ढाई हजार रुपये के लालच में कछुओं को देवास और इंदौर भेजने ले जा रहा था। उसने यह भी खुलासा किया कि रविंद्र कश्यप नामक व्यक्ति ने उसे इस तस्करी के लिए उकसाया था।

फिलहाल सभी बरामद कछुए स्वस्थ हैं और उन्हें वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच एसटीएफ द्वारा जारी है, जिससे तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

 
Priyanshi Chaturvedi 4 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.