सिंगरौली में शुरू हुआ सम्पूर्णता अभियान 2.0, आकांक्षी जिला और ब्लॉक कार्यक्रम का शुभारंभ
सिंगरौली जिले में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत “संपूर्णता अभियान 2.0” का शुभारंभ अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में सिंगरौली विधानसभा के विधायक राम निवास शाह के मुख्य अतिथि रूप में एवं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, कलेक्टर गौरव बैनल सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलेगा और इस दौरान आकांक्षी जिले के ब्लॉकों में निर्धारित पैरामीटरों के अनुसार विभिन्न विकास कार्य पूर्ण किए जाएंगे। शुभारंभ कार्यक्रम दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यर्पण के साथ संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि राम निवास शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की दूरदर्शी योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में सुधार लाकर कम विकसित क्षेत्रों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि विजन 2047 के तहत प्रदेश और देश को समग्र विकास की दिशा में अग्रणी बनाना है, और आकांक्षी ब्लॉक में निर्धारित पैरामीटरों के अनुसार सभी विभागों को अपना योगदान देना होगा। कलेक्टर गौरव बैनल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे लक्ष्य निर्धारित पैरामीटरों को समय पर पूरा कर अभियान को सफल बनाएं।