उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज और कल कई जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। कुछ जिलों में आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार अगले दो–तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।
बीते दिनों देहरादून, मसूरी, कोटी और सांकरी में बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरकाशी के गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल और हरकीदून घाटी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। चकराता के लोखंडी क्षेत्र में भी बर्फ गिरी, जिससे कई वाहन रास्ते में फंस गए। हालांकि बर्फबारी से प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता निखर गई है और देशभर से सैलानी बर्फ का आनंद लेने यहां पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून और नैनीताल में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है तथा 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। कल 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यूएस नगर और हरिद्वार में मौसम शुष्क रहेगा और कोहरा छा सकता है। चार फरवरी को कुछ पर्वतीय जिलों में फिर बारिश के आसार हैं, वहीं पांच फरवरी को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।