Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक नायब तहसीलदार पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी में हुई, जहां कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने अधिकारी को कुचलने की कोशिश की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू अवैध रेत उत्खनन की रोकथाम के लिए ग्राम गढ़वट पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। चालक रितुराज सिंह ने आधी रेत नदी में गिराई और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जब साहू ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, हालांकि समय रहते कूदकर अधिकारी ने अपनी जान बचा ली। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर तहसीलदार कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं प्रशासन ने ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |