रायपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसान मेला समेत कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनके आगमन पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित पार्टी और प्रशासन के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री चौहान ग्राम गिरोला और खपरी में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद वे कुम्हारी (दुर्ग) पहुंचकर छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ द्वारा आयोजित ‘किसान मेला’ में भाग लेंगे, जहां किसानों से संवाद कर उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।
अपराह्न में शिवराज सिंह चौहान राजधानी लौटकर नया रायपुर स्थित महानदी भवन में कृषि से जुड़े विषयों पर समीक्षा बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों के बाद वे रात में नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।