छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, सरगुजा में 3 दिन में 4°C तक गिरेगा पारा
छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों, खासकर सरगुजा संभाग में ठंड की वापसी होने वाली है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी और सुबह-शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
वहीं राजधानी रायपुर सहित मैदानी इलाकों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में मौसम स्थिर बना रहेगा। राजधानी रायपुर में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 3–4 दिनों तक प्रदेश में सर्दी और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर रहेगा और फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं।