Patrakar Priyanshi Chaturvedi
सरई नगर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम यातायात योग्य बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सरई बाजार में प्रशासनिक अमले द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की गई। देवसर एसडीओपी गायत्री तिवारी, नगर परिषद सीएमओ सुरेंद्र सिंह उईके एवं प्रभारी थाना प्रभारी सरई सूरज सिंह के नेतृत्व में नगर परिषद का अमला और पुलिस बल बाजार क्षेत्र में उतरा। वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था पर सख़्ती से अंकुश लगाते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण की नाप-जोख कर दुकानदारों को तय सीमा में ही दुकान संचालित करने की स्पष्ट हिदायत दी गई।
कार्रवाई के दौरान सब्जी और फल विक्रेताओं को नगर परिषद द्वारा निर्मित सब्जी मंडी में ही दुकान लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित न हो। वहीं ऑटो चालकों को बाजार क्षेत्र में वाहन खड़ा न करने और निर्धारित स्थलों पर ही ऑटो पार्क करने के आदेश दिए गए। बस संचालकों को भी बस स्टैंड परिसर में ही बसें खड़ी करने की सख़्त चेतावनी दी गई। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद द्वारा पंद्रह दिवस पूर्व ही दुकानों की सीमा तय करते हुए चूने से निशान लगाकर पूर्व सूचना दी गई थी, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि नगरहित में चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने पर आगे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों से संवाद स्थापित कर प्रशासन ने सहयोग की अपील की और कहा कि अनुशासन से ही बाजार की गरिमा बनी रहती है। इस पहल से सरई बाजार में व्यवस्था बहाली की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक दिलराज सिंह, कमलेश प्रजापति, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र यादव, रामनरेश प्रजापति, उपयंत्री बलराम कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |