Patrakar Priyanshi Chaturvedi
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दतिया, शिवपुरी और ग्वालियर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है, वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।
प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का यह दौर जारी रह सकता है, हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे मामूली बढ़ोतरी की संभावना है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |