Patrakar Priyanshi Chaturvedi
आईपीएल 2026 सीजन से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से बाहर किए जाने के फैसले पर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने खुशी जताई है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का धन्यवाद करते हुए कहा कि जैसे पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भारत में खेलने की अनुमति नहीं है, वैसे ही बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भी नहीं मिलनी चाहिए। दिलीप घोष ने कहा कि यह मांग कोलकाता से उठी थी और बीसीसीआई ने इसे मान लिया, जिसके लिए बोर्ड प्रशंसा का पात्र है।
वहीं इस फैसले पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि क्रिकेट का इस्तेमाल विदेश नीति के औजार के रूप में किया जा रहा है, जो एक तरह की आर्थिक पाबंदी जैसा है। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने बढ़ते दबाव के बाद केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया था। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के बाद मुस्तफिजुर विवाद के केंद्र में आए थे। ऐसे में भारत-बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |