भोपाल में सी.एन.जी. बसों का संचालन पुनः प्रारंभ किया गया
bhopal, CNG buses resume ,operations
भोपाल । राजधानी भोपाल शहर में नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत नगर निगम भोपाल की अधीनस्थ भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बी.सी.एल.एल.) द्वारा सी.एन.जी बसों का संचालन पुनः प्रारंभ कराते हुए सोमवार से रूट क्र. टी.आर.-4 (चिरायु अस्पताल से एम्स) पर 16 सी.एन.जी. बसे प्रातः 6:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित की गई। शहर के नागरिकों ने पुनः प्रारंभ की गई सुविधा का लाभ लेते हुए प्रति बस में 250-300 यात्रियों ने यात्रा की। उक्त रूट पर बसों का संचालन निरंतर जारी रहेगा। नगर पालिक निगम भोपाल अधीनस्थ सार्वजनिक लोक परिवहन कम्पनी भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड द्वारा भोपाल शहर में नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत लोक परिवहन अंतर्गत सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है।
 
विगत समय में रोड टैक्स व अन्य आर.टी.ओ. संबंधी समस्या के कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ था। बसों के नियमित रूप से संचालन हेतु निगम आयुक्त संस्कृति जैन की पहल एवं बस आपरेटर फर्म मेसर्स इंक्यूबेट साफ्टटेक को शीघ्रता से आर.टी.ओ. संबंधी समस्याओं के निराकरण करने और बसों का संचालन पुनः प्रारंभ करने हेतु दिए गए निर्देशों पर संबंधित बस आपरेटर फर्म द्वारा आर.टी.ओ में बकाया टैक्स की राशि एवं परमिट संबंधी समस्याओं का निराकरण कर सी.एन.जी बसों का संचालन प्रारंभ करते हुए टी.आर.-4 रूट (चिरायु अस्पताल से एम्स) पर बसों का संचालन किया। यहां उल्लेखनीय है कि निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने निगम परिषद के साधारण सम्मिलन में भी बस आपरेटर फर्म से बसों के संचालन के संबंध में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी से सदन को अवगत कराया गया था।
 
नागरिकों की सुविधा एवं पर्यावरण अनुकूलता के दृष्टिगत शहर में 77 सी.एन.जी बसों का संचालन मेसर्स इंक्यूबेट साफ्टटेक द्वारा किया जा रहा था परंतु संबंधित फर्म द्वारा आर.टी.ओ. में टैक्स आदि जमा न करने के कारण उक्त बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। निगम आयुक्त जैन के निर्देश पर संबंधित फर्म द्वारा आर.टी.ओ. संबंधी समस्याओं का निराकरण कर सोमवार से टी.आर.-4 मार्ग पर 16 सी.एन.जी. बसों का संचालन प्रारंभ कर दिया है। उक्त मार्ग पर बसों के पुनः संचालन के प्रथम दिवस पर प्रति बस में लगभग 250-300 यात्रियों के द्वारा बस सेवा का लाभ प्राप्त किया गया। उक्त मार्ग पर बसों का संचालन निरंतर जारी रहेगा तथा निकट भविष्य में सी.एन.जी. बसों की संख्या में वृद्धि की जाकर भोपाल शहर के यात्रियों को नगरीय परिवहन सेवा की सुविधा का और अधिक बेहतर ढंग से प्रदान किया जायेगा।
 

 

Dakhal News 3 November 2025

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.