स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में जबलपुर को मिला देशभर में दूसरा स्थान
indore, Jabalpur got second place,Clean Air Survey 2025
इंदौर । राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025’ के नतीजे मंगलवार को जारी किए गए, जिसमें मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर ने दूसरा स्थान हासिल किया है। स्वच्छ आबोहवा वाले 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर एक करोड़ पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि तीसरे स्थान पर गुजरात का सूरत शहर रहा।


नई दिल्ली के पर्यावरण भवन में आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त प्रीति यादव और स्वच्छता सेल के नोडल अधिकारी संभव अयाची को केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में सूरत पहले और जबलपुर दूसरे स्थान पर था। जबलपुर ने लगातार दूसरे साल अपना स्थान बरकरार रखा है।


जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सोशल मीडिया पर उक्त जानकारी साझा करते हुए लिखा- जबलपुर की ऐतिहासिक उपलब्धि..., स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार एवं वेटलैंड सिटी सम्मान समारोह में शानदार द्वितीय रैंक प्राप्त कर जबलपुर ने अपनी खास पहचान बनाई है। इस सफलता के लिए समस्त जबलपुरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। दिल्ली स्थित पर्यावरण भवन में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने जबलपुर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत लगातार दूसरे वर्ष सम्पूर्ण भारत में द्वितीय स्थान हासिल करने पर जबलपुर को एक करोड़ पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है।


उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हर जबलपुरवासियों की जागरूकता, सक्रिय सहभागिता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसने शहर को केवल संस्कारधानी ही नहीं, बल्कि शुद्ध हवा की राजधानी और पर्यावरण संरक्षण के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित किया है। इस गौरवमयी अवसर पर नगर निगम आयुक्त प्रीती यादव एवं नगर निगम अधिकारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

 

Dakhal News 9 September 2025

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.