Patrakar Priyanshi Chaturvedi
बिहार के नवादा में दलित बस्ती में दबंगों ने बुधवार रात 8 बजे 80 घरों में आग लगा दी। आरोपियों ने फायरिंग भी की। लोगों के साथ मारपीट भी हुई। इसके बाद यहां तनाव बना हुआ है। गांव में हालात पर काबू पाने के लिए 5 थानों की पुलिस तैनात की गई है। मुख्य आरोपी नंदू पासवान समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना की वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है।
आग में घर-मवेशी जले, जान की हानि नहीं
मामला नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ददौर स्थित कृष्णा नगर दलित बस्ती का है। कई मवेशी भी जल गए। मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखे सामान जलकर राख हो गए। घर फूस और खपरैल के थे।
जमीन को लेकर विवाद, मामला कोर्ट में है
घटना की वजह भूमि विवाद है। गांव के एक बड़े भूखंड पर दलित परिवार रहते है। इसी भूखंड को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है। इसकी सुनवाई कोर्ट में हो रही है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि बुधवार की देर शाम अचानक दबंगों ने हमला कर दिया। मारपीट की। घरों में आग लगा दी। फायरिंग भी की।
घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
पीड़ित लक्ष्मीनिया देवी ने बताया कि हम लोग की बस्ती सरकारी जमीन पर है। नंदू पासवान इसे कब्जा करना चाहता है। वो अपने साथियों के साथ आया और इस घटना को अंजाम दिया। बहुत नुकसान हुआ है।
वहीं भीम आर्मी के नेता विशाल चौधरी ने बताया कि बुधवार की शाम दबंगों ने 100 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। उसके बाद घरों पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी गई। 2 KM दूर यहां से थाना है, उसके बाद भी ऐसी घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों को मंशा है कि इन्हें भगा कर जमीन पर कब्जा कर लिया जाएगा।
गांव वालों ने बताया, 'नंदू पासवान और उसके साथी कई साल से इस जगह पर रह रहे थे। जमीन बिहार सरकार की है। इस पर भू माफिया की नजर थी। नंदू पासवान कुछ दिनों से जमीन को बेच भी रहे थे। हम लोग इसका विरोध कर रहे थे।'
डीएम ने बताया, '10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों के बयान के आधार पर लोगों की पहचान की जा रही है। बड़ी संख्या में जिला प्रशासन और पुलिस की टीम तैनात है। सुरक्षा के मद्देनजर मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
मुख्य आरोपी समेत 15 गिरफ्तार
मुख्य आरोपी नंदू पासवान समेत 15 लोगों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। नंदू पासवान का बेटा नागेश्वर पासवान कृष्णा नगर के वार्ड-16 का वार्ड सदस्य है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |