खरगौन हिंसा में जिनके घर जले, उनके घर सरकार बनाएगी: शिवराज
bhopal,  houses were burnt , Khargone violence, Shivraj

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगौन में हुई सांप्रदायिक हिंसा को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि किसी ने दंगा फैलाया, तो मामा छोड़ेगा नहीं। कुछ लोग हैं, जो गड़बड़ करते हैं। दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। खरगौन में गरीबों के घर जल गए। उनमें अनुसूचित जाति के लोग भी थे। छोटे-छोटे मकान जला दिए। अब बताइए जिन्होंने घर जलाए, उन पर कार्रवाई होना चाहिए या नहीं होना चाहिए। जिनके घर जले हैं, वो चिंता नहीं करें। मामा फिर से घर बनाएगा। हम फिर से घर खड़ा करेंगे। जिन्होंने घर जलाए हैं, बाद में उनसे ही वसूल करूंगा। छोडूंगा नहीं।

 

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में अंबेडकर जयंती का राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब दिग्विजय सिंह को उसमें भी दर्द होता है। कार्रवाई कैसे हो गई। झूठे फोटो पोस्ट कर रहे हैं। अरे झूठों कुछ तो शर्म करो। यह प्रदेश में आग लगाना चाहते हैं। लोगों को भड़का के शांति भंग करना चाहते हैं, ताकि अच्छे काम से लोगों का ध्यान हट जाए। घबराने की जरूरत नहीं है। बीजेपी सरकार सबको सम्मान और सुरक्षा देगी। भाईचारा कायम रखिए। गड़बड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। त्यौहार धूमधाम से मनाएं, लेकिन भाई चारे से मनाएं। आने वाले समय हनुमान जयंती, गुड फ्राइडे, ईद को प्रेम से मनाएं।

 

उन्होंने भारत रत्न, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में संविधान निर्माता के चरणों में नमन करते हुए कहा किआज देश जिस संविधान से चल रहा है, उस भेदभाव से रहित, पक्षपात से दूर, अन्याय से बचाने वाला, शांति, एकता, प्रेम भाईचारा और सामाजिक न्याय भी ऐसे अद्भुत संविधान को बनाने वाले बाबा साहेब अम्बेडकर हैं। वह एक महान राजनेता, दार्शनिक, अर्थशास्त्री, शिक्षाविद, सामाजिक चिंतक, लेखक और महान विधिवेत्ता थे। सही अर्थों में तो वह संपूर्ण मानव जाति के मसीहा थे। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना में 1 लाख रुपये तक का लोन देने की व्यवस्था की है, जिसमें ब्याज की भरपाई प्रदेश सरकार करेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी साल शुरू हुई मध्य प्रदेश युवा उद्यमी योजना में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बेटा-बेटी अगर अपना रोजगार खड़ा करना चाहते हैं, तो उन्हें 50 लाख रुपये तक की मदद बैंक से दिलाई जाएगी। बैंकों को वह पैसा वापस करने की गारंटी मामा की है। बाबा साहब कहा करते थे कि मनुष्य का जीवन लंबा होने की बजाय महान होना चाहिए, और इंसान महान बनता है कर्मों के आधार पर।

 

उन्होंने कहा कि 21 हजार एकड़ जमीन हमने प्रदेश में गुंडों, बदमाशों, माफियाओं के कब्जे से भूमि मुक्त कराई है। इस भूमि पर गरीबों के लिए मकान बनाये जायेंगे। मेरे भाइयों बहनों मैं आप सब से एक बात कहना चाहता हूं कि भाजपा की सरकार बाबा साहब के बताए संविधान पर चलेगी। हमने तय किया है कि जो सबसे पीछे सबसे नीचे उनका हक सबसे आगे देंगे। कुछ लोग प्रदेश की शांति भंग करना चाहते हैं ताकि अच्छे कामों से लोगों का ध्यान हट जाए।

 

चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार सब को सम्मान सुरक्षा देगी। आप भाईचारा कायम रखें। गड़बड़ करने वालों के खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे और दिग्विजय सिंह जी आप उनको नहीं बचा सकते। आप सभी सारे त्यौहार ईद, गुड फ्राइडे, हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ के साथ मनाएं। मेरी सरकार सबके साथ है। जिन्होंने घर जलाये, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिनके घर जले हैं, मामा उनके घर फिर से बनवायेगा। जिन्होंने घर जलाए हैं, उनसे ही वसूली की जायेगी, उनको छोडूंगा नहीं। मध्य प्रदेश शांति का टापू है, इसकी शांति भंग नहीं होनी चाहिए।

Dakhal News 14 April 2022

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.