
Dakhal News

उमरिया/भोपाल। किसी भी दल का कार्यालय उस संगठन के कार्यो को गति देने में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता, कार्य और कार्यालय से संगठन कार्य निचले स्तर तक संचालित होते है। भरौली में बनने वाले जिला कार्यालय से भारतीय जनता पार्टी के कार्य और भी तीव्रगति से संचालित होंगे।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को उमरिया के ग्राम भरौली में जिला कार्यालय के भूमिपूजन के अवसर पर कही। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ज्ञान सिंह, प्रदेश सरकार की मंत्री मीना सिंह, रामकिशोर कांवेर, जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डे, विधायक मनीषा सिंह, शिवनारायण सिंह भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित थे।
विष्णुदत्त शर्मा शनिवार को डिंडोरी और उमरिया जिले के प्रवास पर थे। शर्मा जबलपुर से डिंडोरी के शाहपुरा होते हुए उमरिया पहुंचे। शाहपुरा मंडल में प्रदेश अध्यक्ष ने जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्याम गुप्ता का कमल पुष्प अभियान के अंतर्गत सम्मान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट की। शाहपुरा से प्रदेश अध्यक्ष उमरिया के भरौली पहुंचे और जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। भरौली पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आदिवासी लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य कर्माशैला एवं लोकगीत के साथ पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने अतिथियों के साथ कन्यापूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भूमिपूजन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
असहाय दीन दुखियों के लिए आश्रम सिद्ध होगा कार्यालय
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ने पूरे प्रदेश में सेवा भाव से जनता की सेवा में दिन रात लगे रहे। उमरिया के भरौली में बनने वाला कार्यालय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ही नहीं बल्कि असहाय दीन, दुखियों के लिए आश्रम सिद्ध होगा। कार्यालय से संगठन कार्य को गति मिलेगी। वहीं हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ किस तरह मिले इस बात की चिंता होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह का यह संकल्प है कि देश के प्रत्येक जिले में भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय बनें। मध्यप्रदेश का संगठन इस दिशा में आगे बढ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा ने गरीबों के जीवन बदलने का जो अभियान प्रारंभ किया है उस अभियान को आगे बढाने में जिला कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश अध्यक्ष ने उमरिया जिले के कार्यकर्ताओं को भरौली में बनने वाले जिला कार्यालय के लिए बधाई दी।
हमने गरीबी हटाओ का नारा नहीं, गरीब उत्थान का काम किया
शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से बढ रहा है। आज देश के 74 प्रतिशत से अधिक भूभाग पर भाजपा है। उन्होंने कहा कि हमने गरीबी हटाओं का नारा नहीं दिया बल्कि जमीन पर गरीबों के उत्थान के लिए ठोस काम किया है। समाज के अंतिम छोर के बैठे व्यक्ति तक केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं सुगमता से पहुंच रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान भारत जैसी अनेक योजनाओं से गरीब लाभान्वित हो रहे है। जिसका परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी लोकसभा के साथ ही राज्यसभा में भी सर्वाधिक सीटों वाला दल बना है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश, जनता और कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित पार्टी है जो निरंतर देश के विकास और देशवासियों की उन्नति के लिए कार्य करती है। जिसके फलस्वरूप पार्टी को जनता का निरंतर स्नेह मिलता है। उन्होंने भरी दोपहर में कार्यक्रम में बडी संख्या में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देवदुर्लभ है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |