केन्द्रीय खेल राज्यमंत्री निशिथ प्रामाणिक ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र को दी सौगात
panna, Union Minister of State ,Sports Nishith Pramanik

पन्ना। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने यंग इंडिया का लक्ष्य निर्धारित किया है, सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री के यंग इंडिया के लक्ष्य को साकार करेगा। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में खेलों के प्रति जो जागरूकता है, उसने इस खेल महोत्सव को खेल महासुनामी बनाया है। यह खेल महासुनामी संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा और बूथ तक पहुंचेगी। जिसका लाभ बुन्देलखण्ड की खेल प्रतिभाओं को होगा। जो भारत का नाम और इस मिट्टी का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा।

 

यह बात केन्द्रीय खेल एवं युवक कल्याण राज्यमंत्री निशिथ प्रामाणिक ने शनिवार को पन्ना में सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खेल महोत्सव के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को पूरा किया है।

 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली खेल प्रतिभाएं ग्रामीण क्षेत्र से

केन्द्रीय खेल राज्यमंत्री निशिथ प्रामाणिक ने कहा कि आज उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल रहा है। जिसके सार्थक परिणाम भी हमारे सामने हैं। चाहे मणिपुर की बेटी चानू बाई हो या नीरज चौपडा, चाहे लवलीना हो या पीवी सिंधु ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाली अधिकांश प्रतिभाएं ग्रामीण क्षेत्र से ही आती हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव गांव तक खेल प्रतिभाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध हो रही है।

 

उन्होंने कहा कि 2014 के पहले जो ओलंपिक होता था, तब कौन खिलाड़ी खेल रहा है, इसका पता भी नहीं चलता था। पैराओलंपिक में जाने वाले खिलाडियों को खुद के जेब से टिकट करवानी पडती थी। 2014 के बाद खिलाडियों को न सिर्फ सुविधाएं मिली बल्कि जब वे ओलंपिक और पैराओलंपिक में खेलने के लिए गए तब स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे बात की और खिलाडियों का उत्साहवर्द्धन बढाया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में जितने खिलाडी पैराओलंपिक में खेलने के लिए जाते थे उतने मेडल मोदी सरकार में हमारे खिलाडियों ने जीते है।

 

खेल महोत्सव से संसदीय क्षेत्र के 20 हजार खिलाडी जुड़े

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बुन्देलखण्ड को गरीबी के कारण जाना जाता था लेकिन अब इसकी पहचान विकसित और उन्नति की ओर बढते हुए बुन्देलखण्ड के रूप में हो रही है। खेल महोत्सव में जिस तरह ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं ने भाग लिया, लोकसभा के प्रत्येक विधानसभा और मंडलों से लगभग 20 हजार से अधिक खिलाडी शामिल हुए। गांव गांव के खिलाडियों ने अलग अलग खेलों के माध्यम से जुडकर प्रधानमंत्री जी के सपने को पूरा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने खेल महोत्सव के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का अभिनंदन करते हुए खेल मंत्री यशोधराराजे सिंधिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पन्ना में कई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं होती। बॉलीवाल की नेशनल चैपिंयनशिप भी पन्ना में होगी।

 

क्षेत्र को मिली खेलो इंडिया सेंटर और फुटबाल एकेडमी की सौगात

केन्द्रीय खेल एवं युवक कल्याण राज्यमंत्री निशिथ प्रामाणिक ने कार्यक्रम में कहा कि देश भर में 1 हजार खेलों इंडिया के सेंटर बन रहे हैं। उसमें से 500 सेंटर बन चुके हैं। मध्यप्रदेश में 44 सेंटर बने हैं और आगामी दिनों में खेल क्षेत्र से जुड़े 12 नए प्रोजेक्ट आने वाले है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड के खेल प्रतिभाएं उभरकर आगे आए इसके लिए खेलो इंडिया सेंटर का काम इसी माह शुरू होगा। यहां इस क्षेत्र से कई फुटबाल खिलाडी निकले है। इस दृष्टि से केन्द्रीय खेल विभाग यहां फुटबाल एकेडमी खोलेगा और खिलाडियों को उचित प्रशिक्षण मिले, इसके लिए कोच भी निर्धारित करेगा।

Dakhal News 3 April 2022

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.