Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। सूरज की तपन और पछुआ हवाओं के संयुक्त प्रभाव से मौसम अब काफी गर्म होने लगा है। शहर में सोमवार को सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के नजदीक जा पहुंचा। साथ ही पछुआ हवाओं ने दोपहर में हल्की लपट का भी एहसास कराया। पिछले साल भी मार्च माह में ऐसी ही गर्मी थी और 29 मार्च 2021 को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिन तक मौसम इसी प्रकार गर्म रहने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क रहने के साथ उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं आ रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी मौसम शुष्क रहने के साथ जहां काफी तेज धूप निकली वहीं चार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं जिसके चलते पूर्वान्ह 11.30 बजे ही तापमान 37.7 और मध्यान्ह 2.30 बजे 39.8 डिग्री पर पहुंच गया। शाम 5.30 बजे भी तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस पर था। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में हीट वेव के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के चलते ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में भी तापमान में वृद्धि का सिलसिला शुरू हो गया है। यह स्थित आगामी 31 मार्च तक बनी रह सकती है। इस दौरान तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच टिका रह सकता है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |