Dakhal News
गुना। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान गुना विधायक गोपीलाल जाटव की जुबान फिसल गई। उन्होंने पीएम मोदी को प्रदेश का सीएम बता दिया। साथ ही बोले कि प्रदेश की 8 हजार करोड़ जनता खुश है। इस दौरान पिछले दो वर्षों में गुना जिले में हुए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गयी। साथ ही आगे के विकास कार्यों की रूपरेखा भी बताई गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिकरवार ने सीएम शवराज के चौथे कार्यकाल के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि कोरोना के भीषण संकट के बीच हमारी सरकार बनी थी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व में सरकार और संगठन में हर स्तर पर मानवता को बचाने का काम किया और विकास को भी अवरुद्ध नहीं होने दिया। इस बात की खुशी है कि सीएम शिवराज सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की संवेदनाओं से भरी हुई सरकार कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे बताया कि चाहे किसान हो, युवा हों, बेटियां, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिन रात चिंतन करते हुए कल्याणकारी योजनाओं की एक लंबी श्रृंखला खड़ी की है। समाज का ऐसा कोई वर्ग, ऐसा कोई अंग नहीं है, जिसके सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा सरकार ने कोई ठोस प्रयास नहीं किए हो। पिछले तीन कार्यकालों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश अब विकसित प्रदेशों की बराबरी पर खड़ा है।
विधायक ने पीएम को बताया सीएम
अपनी बात रखते हुए गुना विधायक गोपीलाल जाटव की जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा कि "रोजगार के लिए प्रयास करेंगे। आज जनता इतनी सुखी है। भारतीय जनता पार्टी की जय-जयकार हो रही है। हमारे मुख्यमंत्री मोदी जी की जय जयकार हो रही है। साढ़े 8 हजार करोड़ जनता, मध्यप्रदेश की, कोई व्यक्ति ये नहीं कह सकता कि वह परेशान है। एक आदमी ढूंढकर दिखाओ।"
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |