
Dakhal News

ग्वालियर। रविवार को पश्चिम से आईं शुष्क हवाओं ने सूरज की तपन बढ़ा दी। जिससे ग्वालियर में दूसरी बार अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। इससे पहले 20 मार्च को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
पिछले कुछ दिनों से हवाएं उत्तर और उत्तर-पश्चिम से आ रही थीं। जिसके चलते तापमान में गिरावट हो रही थी लेकिन रविवार को मौसम शुष्क रहने के साथ पश्चिमी हवाएं चलीं। राजस्थान की ओर से आई पश्चिमी शुष्क की गति दो से चार किलोमीटर प्रति घंटा थी। इन हवाओं ने सूरज की तपन बढ़ा दी जिससे पिछले दिनों की अपेक्षा आज गर्मी ज्यादा महसूस हुई। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय के अनुसार वर्तमान में महाराष्ट्र और उससे लगे गुजरात में प्रति चक्रवात बना हुआ है। जिसके प्रभाव से हवाओं का रुख पश्चिमी हो गया है। इसके चलते हवाओं में नमी कम होने लगी है। इसी कारण आज अधिकतम तापमान में उछाल आया है। आगामी तीस मार्च तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 35 और शाम को 19 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से सोमवार को न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 20 से 21 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |