
Dakhal News

भोपाल। भोपाल में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे चयनित शिक्षकों के धरना स्थल पर गुरुवार को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक कमलेश्वर पटेल पहुंचे। यहां उन्होंने धरना दे रहे चयनित शिक्षकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी लड़ाई में कांग्रेस का साथ देने का आश्वासन दिया।
कमलेश्वर पटेल ने धरना प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों से कहा कि कांग्रेस आप सभी के साथ है। मप्र की भाजपा सरकार युवाओं की प्रतिभाओं का निरंतर दोहन और शोषण कर रही है। चयनित शिक्षक वर्ग -1, वर्ग-2 परीक्षाओं के ओबीसी शिक्षकों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती में व्याख्याता पद हेतु जीव विज्ञान विषय के अंतर्गत आने वाले समस्त सह विषय एलाइड को मान्य नहीं किया। इस बात से दुखी होकर युवा शक्ति, प्रतिभाएं सडक़ पर प्रदर्शन कर धरना देने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
पर्वू मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि प्रदेश की भाजपा सरकार चयनित शिक्षकों को शोक के रूप में मुंडन कराने के लिए विवश कर रही है। अन्याय के विरुद्ध कांग्रेस खड़ी है, कांग्रेस चयनित शिक्षकों के साथ हैं। कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह आरएसएस के एजेंडे पर चल रही है और ओबीसी को उसके अधिकारों से वंचित कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी चयनित शिक्षकों को उनका अधिकार दिलाकर रहेगी।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |