
Dakhal News

भोपाल। मध्य प्रदेश में सूरज के तेवर तीखे हो गए हैं और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण यहां भीषण गर्मी शुरू हो गई है। शनिवार को सुबह से ही राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में तेज गर्मी पड़ रही है। खरगौन और होशंगाबाद में तो पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है। दमोह में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री पहुंच गया है। राज्य के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री के ज्यादा दर्ज किया गया।
भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया ने बताया कि हवाओं के पश्चिम की ओर चलने की वजह से मौसम लगातार गर्म हो रहा है। हालांकि, उन्होंने संभावना जताई है कि आने वाले समय में हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होगी और फिर गर्मी से हल्की राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में हवाओं की दिशा बदलने से भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत ज्यादातर जिलों के दिन-रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। दमोह में शुक्रवार की रात सबसे गर्म रही। यहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 16 शहरों में रात का पारा 20 डिग्री के पार रहा। उधर, प्रदेश में दिन में भी तेज गर्मी पड़ रही है। खरगोन सबसे गर्म रहा। यहां पर दिन का तापमान 42.5 डिग्री पर पहुंच गया। इसके अलावा राज्य के सात शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है। नर्मदापुरम, उज्जैन, रतलाम, धार और खरगोन में लू के हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार की रात दमोह में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके बाद सीधी, सागर, सतना में पारा 23 डिग्री के पार है। राजधानी भोपाल में तापमान 21 डिग्री पर पहुंच गया है। एक ही रात में यहां 3 डिग्री पारा बढ़ गया। इंदौर, जबलपुर, दतिया, गुना, खंडवा, खरगोन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, नौगांव, सिवनी, टीकमगढ़ और उमरिया में तापमान 20 डिग्री से ऊपर है। ग्वालियर, उज्जैन में पारा 20 डिग्री से नीचे चल रहे हैं।
वहीं, शनिवार को नर्मदापुरम यानी होशंगाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा धार, खंडवा, खरगोन, राजगढ़, रतलाम और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |