
Dakhal News

भोपाल। राजस्थान एवं उससे लगे गुजरात पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। वहां पर लू चलने की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान में वहां से आ रही गर्म हवाओं की वजह से राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। उधर दिन के अलावा अब रात के तापमान भी बढऩे लगा है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मंगलवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 14 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकार्ड किया गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में दक्षिणी राजस्थान एवं उससे लगे उत्तरी गुजरात पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस क्षेत्र में लू चलने की स्थिति बनी हुई है। प्रति चक्रवात के असर से गुजरात की तरफ से आ रही गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अभी दो-तीन दिन तक दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को राजधानी में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। शहर का मौसम आज भी शुष्क रहेगा और दिन में गर्म हवाएं चल सकती हैं।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |