
Dakhal News

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की माताजी शुभांगी भगत का रविवार को इंदौर के रामबाग स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुभांगी भगत के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। अंत्येष्टि में पार्टी पदाधिकारी, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्धजन एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की माताजी शुभांगी भगत का शनिवार को देहांत हो गया था। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को भगत के इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित निवास 18, नुपुरश्री रेसिडेंसी, ब्रजेश्वरी मेंन, गणेश धाम कॉलोनी पहुंचकर पर शुभांगी भगत के पार्थिव देह को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। प्रदेश के गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में लोगों ने पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किये। इसके पश्चात अंतिम यात्रा रामबाग स्थित मुक्तिधाम पहुंची, यहां उनके बड़े सुपुत्र सुहास भगत ने मुखाग्नि दी।
रामबाग मुक्तिधाम के सभागार में शोक संवेदना व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि माताजी श्रीमती भगत ने अपने परिवार को संस्कार देने का कार्य किया है। उन्होंने अपने पुत्र को देश के लिये पूर्ण रूप से समर्पित कर दिया है। परिवार में अच्छे भाव भी जागृत किए हैं। वह अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़कर गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे ऐसी प्रार्थना करता हूं।
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रकाश शास्त्री ने कहा कि भगत परिवार में मुझे एवं सभी स्वयंसेवकों को बहुत स्नेह प्राप्त हुआ करता था। जिसमें सुहासजी की माताजी का बहुत बड़ा योगदान था। माता-पिता अपने पुत्र को देश की सेवा के लिये समर्पित कर दें, यह बहुत कठिन होता है। परन्तु शुभांगी भगत ने अपने पुत्र को देश की सेवा करने के लिये सहज स्वीकार किया। ये उस परिवार के संस्कार थे। भगत परिवार को इस दुख की घड़ी में दुख सहन करने की ईश्वर शक्ति प्रदान करें।
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के मालवा प्रांत प्रचारक बलीराम पटेल, प्रदेश सह संगठन मंत्री हितानंद जी, मालवा प्रांत सह कार्यवाह विनीत नवाथे, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सांसद सुधीर गुप्ता, प्रदेश शासन के मंत्री कमल पटेल, विश्वास सारंग, तुलसीराम सिलावट, ओमप्रकाश सखलेचा, ऊषा ठाकुर, हरदीपसिंह डंग आदि ने स्व. शुभांगी भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |