
Dakhal News

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बार फिरअचानक मौसम का मिजाज में बदलाव आ गया। पाकिस्तान के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को हवाओं का रूख बदल गया, साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण शहर में आंशिक बादल छाने लगे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बादलों के कारण दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना कम है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान भी 30-31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। उधर शनिवार से एक अधिक तीव्रता वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजधानी सहित मध्य प्रदेश के पूर्वी एवं उत्तरी हिस्सों में बादल छाने के आसार हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक राजेन्द्रपुरी गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख पूर्वी हो गया है। हवाओं के साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आने का भी सिलसिला शुरू हो गया है। इस वजह से आंशिक बादल भी छाने लगे हैं। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में मौजूद है। इसके असर से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह सिस्टम शुक्रवार तक गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके प्रभाव से हवाओं के साथ आ रही नमी से बादल छाने लगे हैं।
उधर शनिवार को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से हवाओं का रुख फिर बदलने से वातावरण में नमी बढऩे की संभावना है। इससे दिन एवं रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के साथ ही बौछारें पडऩे के भी आसार बन सकते हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना कम दिख रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह बुधवार के न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |