Patrakar Vandana Singh
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
पूर्वी उत्तर प्रदेश दशकों से उपेक्षित था। इस कारण यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से पिछड़ गया। अनेक समस्याओं के कारण यहां का जनजीवन प्रभावित रहा। अनेक समस्याएं तो चार दशकों से लंबित थीं। पहले विकास कार्यों की कृपा कुछ विशेष जनपदों व क्षेत्रों तक सीमित हुआ करती थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद ही योगी आदित्यनाथ ने इस प्रचलित मान्यता को बदल दिया। विगत पांच वर्षों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में विकास के व्यापक कार्य हुए। यहां के लोग अनेक योजनाओं से लाभान्वित हुए। गोरखपुर में अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। इनका लाभ पूरे पूर्वांचल को मिलेगा। यहां के लोगों ने तीन दशक से बन्द खाद कारखाने व एम्स के निर्माण की उम्मीद छोड़ दी थी। योगी सरकार ने इस अधूरे सपने को साकार किया। वर्तमान सरकार ने सभी अवैध बूचड़खाने बंद कर दिये। तय किया गया कि गौ माता को कटने नहीं देंगे। साथ ही अन्नदाता किसान की फसल भी बर्बाद नहीं होने देंगे।
यह चुनाव विकास और शासन की कल्याणकारी योजनाओं पर हो रहा है। हर गरीब को मकान, शौचालय, वृद्धजन, दिव्यागजन को पेंशन और उपचार की सभी सुविधा मिल रही है। पिछली सरकार ने तो वृद्धजन तक की पेंशन बन्द कर दी थी। योगी सरकार ने वृद्ध,दिव्यांग और विधवाओं की पेंशन को बढ़ा कर लागू किया।एक करोड़ ऐसे लोगों को वर्ष में बारह हजार रुपये प्रदान किये जा रहे हैं। इस राशि को बढ़ाकर अठारह हजार रुपये वार्षिक किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज पर्व और त्योहार शांति से मनाये जा रहे हैं। कोरोना कालखंड के दैरान माह में दो बार राशन के साथ दाल,तेल और नमक भी दिया जा है। बेटी के विवाह के लिए दी जाने वाली 51 हजार रुपये की कन्यादान राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा। मेधावी बेटी को मुफ्त में स्कूटी और बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की शिक्षा के लिए दी जा रही 12 हजार की रकम को बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ सुशासन के लिए विकास व बुलडोजर दोनों का महत्व प्रमाणित कर रहे हैं। बुलडोजर से माफिया की अवैध कमाई सरकारी खजाने में वापस आती है। इससे गरीब कल्याण के कार्य होते हैं। योगी अपनी जन सभाओं में संबंधित क्षेत्र के विकास का उल्लेख अवश्य करते हैं। उनके पास प्रत्येक क्षेत्र के सम्बन्ध में बताने के लिए बहुत कुछ होता है। पहले मुख्यमंत्रियों का भाषण इस प्रकार का नहीं होता था। योगी ने कहा कि सरकार सहजनवां में श्रमिकों और अनाथ बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोल रही है। दो- दो फोर लेन से यह क्षेत्र जुड़ रहा है। इसके बाद यहां से वाराणसी की दूरी दो घंटे में पूरी की जा सकेगी। बलरामपुर में 40 वर्षों से लंबित परियोजना चार साल में पूरी की गई। सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना इसका प्रमाण है। आज यहां सड़क, बिजली, स्कूल,कॉलेज, पॉलिटेक्निक जैसी परियोजनाओं के साथ मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है। सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना के पूर्ण होने से बलरामपुर के खेत और उपजाऊ हो गए हैं। यहां की जमीन की कीमत बढ़ने लगी है। गोंडा से तुलसीपुर आने में तीन घण्टे लग जाते थे लेकिन अच्छी सड़कें बन जाने से अब महज 45 मिनट लगते हैं। एक करोड़ नौजवानों को मुफ्त में स्मार्टफोन व टैबलेट प्रदान की गई। सपा ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग में की तो सरकार ने यह तय किया है कि चुनाव बाद फिर से भाजपा सरकार बनने पर आने वाले समय में यह संख्या बढ़ाकर दो करोड़ करेंगे। इसके साथ ही डिजिटल एसेस मुफ्त देंगे ताकि पढ़ाई के लिए नौजवानों पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ ना पड़े। प्रदेश के एक करोड़ सड़सठ लाख गरीबों के घरों में मुफ्त में गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम किया गया है। दो करोड़,61 लाख घरों में शौचालय बनाये गए। एक करोड़,41 लाख घरों में आजादी के 70 साल के बाद भी अंधेरा रहता था। अब 24 बिजली रहती है।
उत्तर प्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये दिया जा रहे हैं। गोरखपुर में एम्स, कुशीनगर,देवरिया, सिद्धार्थनगर,बलरामपुर गोण्डा,बस्ती,बहराइच, आजमगढ़,गाजीपुर, प्रतापगढ़,सुल्तानपुर आदि पूर्वांचल के जनपदों में मेडिकल काॅलेज की स्थापना करायी जा रही है। यह संस्थान प्रदेश की जनता को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराने के लिए स्थापित कराए जा रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के लोकार्पण के साथ ही उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे वाला राज्य बन गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे और बलिया लिंक एक्सप्रेस वे का कार्य प्रगति पर है। सबसे बड़ी गंगा एक्सप्रेस वे परियोजना अगले करीब दो वर्ष में पूरी होगी।गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण गोरखपुर आजमगढ़ के बीच तेजी से चल रहा है। निश्चित ही विधानसभा चुनाव में विकास बड़ा मुद्दा है।(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |