
Dakhal News

हर 3 महीने में बनाया जाता था नया सर्वर
करोड़ों के फॉरेन ट्रेडिंग फ्रॉड में फरार इनामी महिला आरोपी को विजय नगर पुलिस ने झारखंड से पकड़ा है। टीआइ रवींद्र सिंह गुर्जर के मुताबिक 10 हजार की इनामी आरोपी शिल्पी 31 पति सौरभ निवासी अमन एलाइड, आर महालक्ष्मी नगर को फॉरेन ट्रेडिंग फ्रॉड केस में बोकारो स्टील सिटी, झारखंड से गिरफ्तार कर 7 दिसंबर तक रिमांड पर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मूलत: बोकारो स्टील सिटी, झारखंड की रहने वाली है। वहां उनके ससुर, सास, देवर रहते है। वहां स्थित घर में कोचिंग चलती है जिसके किराये से घर खर्च चलता है।
इंदौर स्थित फ्लैट उनका स्वयं का है। इसमें पति के साथ वर्ष 2019 से रहती है। पति का ट्रांसपोर्ट का काम है। नौकरी की आवश्यकता होने पर वर्क इंडिया ऐप पर नौकरी के लिए संपर्क किया था। जिसमें एचआर का नाम अतुल नेतनराव बताया गया। उनके नंबर पर कॉल किया तो इंटरव्यू के लिए विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित दफ्तर में बुलाया गया। 2 दिन बाद नौकरी ज्वाईंन के लिए ऑफर आ गया। सितंबर 2020 में 35 हजार प्रतिमाह में नौकरी शुरू की। जिस कंपनी का ऑफर लेटर मिला उसके मालिक अरविंद सेठ निवासी दिल्ली थे। लेकिन दूसरी कंपनी से वेतन दिया जाता था।
नवंबर 2020 में अरविंद ने गोवा में पार्टी रखी थी। वहां पति साथ गए थे। वहीं पर अरविंद से पहली बार मुलाकात हुई। पार्टी में उनके अलावा दिल्ली,बिहार, उड़ीसा, बंगाल से करीब 70 से 80 लोग शामिल हुए थे। इसके बाद अरविंद से मुलाकात नहीं हुई। कंपनी का सारा काम अतुल करता था। आरोपी ने कंपनी में दिसंबर 2021 तक काम किया। इस दौरान वे कंपनी में निवेश के लिए जुडऩे वाले लोगों को ट्रेनिंग देती। इसके बदले उन्हें 5 प्रतिशत कमिशन मिलता।
गौरतलब है कि फरियादी देवेश की शिकायत पर फॉरेन ट्रेडिंग फ्रॉड के आरोपी अनिल और हरदीप को विजय नगर पुलिस ने पकड़ा था। बाद में पुलिस को पता चला कंपनी का मास्टरमाइंड अतुल नेतनराव है। वह हर तीन माह में नया सर्वर बनाता है। अधिकांश समय दुबई में रहता है। पुलिस जांच में 20 करोड़ का ट्रांजेक्शन की बात सामने आई थी। बाद में केस की फरार आरोपी मोनिका पकड़ाई। इसके बाद टीम ने आरोपी अतुल और उसकी पत्नी को मुंबई एयरपोर्ट से लेकर आई। पूछताछ में अतुल ने फॉरेन ट्रेडिंग का काम दिल्ली के अरविंद सेठ से सिखना बताया था।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |