Patrakar Vandana Singh
सिंगरौली जिले में एक हैंड पम्प अचानक दूषित जल उगलने लगा। इस नल का पानी पीने से अचानक दर्जन भर से ज्यादा लोग लोग बीमार हो गए हैं। पानी पीने वाले लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत हुई जिसके बाद आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। दूषित जल से लोगों के बीमार होने की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने छानबीन की और हैंडपंप को सील कर दिया।
यह पूरा मामला सिंगरौली जिले के नंदगांव का है जहां पर अचानक वर्षों पुराना हैंडपंप दूषित पानी उगलने लगा। इसकी जानकारी तब हुई जब एक एक करके गांव के दर्जन भर से ज्यादा लोग बीमार हो गए। गांव में एसडीएम के साथ स्वास्थ्य विभाग का अमला पहुंचा और हैंडपंप का निरीक्षण करते हुए पानी का सैंपल लिया।
हैंडपंप का जल दूषित कैसे हुआ इसकी जांच कराई जा रही है। हैंडपंप का पानी पीकर बीमार हुए लोगों को चिन्हित कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत में अब सुधार है। लोगों ने बताया कि वे पिछले 15 वर्ष से हैंडपंप का पानी पी रहे हैं कभी कोई बीमार नहीं हुआ। अचानक से पानी दूषित कैसे हो गया यह तो छानबीन के बाद ही सामने आएगा।
घटना की जानकारी पर प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी है। इस बात की पुष्टि हुई है कि ग्रामीणों के बीमार होने की वजह हैंडपंप का दूषित पानी ही है। फिलहाल हैंडपंप को सील कर दिया गया है ताकि कोई और बीमार ना हो। बताया जाता है कि जो लोग बीमार हुए हैं वे हैंडपंप के आसपास ही रहते हैं। सभी ने हैंडपंप के जल का उपयोग किया था।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |