
Dakhal News

मध्य प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को हुई बारिश से लगने लगा कि मानसून अब बस दस्तक देने ही वाला है। इस पर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में राज्य में अच्छी बारिश होगी। खासकर जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला में। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. ममता यादव का कहना है कि 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, रतलाम, धार जैसे क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं, आज से पूरे पूर्वी मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश होगी, जो तीन-चार दिनों तक जारी रहेगी। इससे तापमान में भारी गिरावट आएगी। वहीं छिंदवाड़ा में बिजली गिरने से 22 वर्षीय बृजपाल की मौत हो गई। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून और आगे बढ़ा। अब ये उत्तरी सीमा दीव, नंदुरबार, जलगांव, परभणी, तिरुपति, पांडिचेरी और बुल्लेरघाट से होते हुए बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रहा है। इस समय अपतटीय ट्रफ रेखा दक्षिण गुजरात तट से उत्तरी केरल तट तक फैली हुई है।
दूसरी ओर, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान में मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं के बीच एक ट्रफ के रूप में स्थित है, जबकि अगला पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार से सक्रिय होने की संभावना है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा हरियाणा से उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी बंगाल, सिक्किम और पूर्वी असम तक फैली हुई है। इसके साथ ही पूर्व-मध्य अरब सागर पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है, जिससे एक ट्रफ रेखा महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश तक जा रही है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |