
Dakhal News

बॉलीवुड की 'धक-धक' गर्ल माधुरी दीक्षित आज अपना 55 वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके पति डॉ. श्रीराम नेने ने उन्हें सोशल मीडिया पर खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। डॉ. श्रीराम नेने ने अपनी और माधुरी की प्यारी तस्वीर शेयर की है और इसके साथ ही प्यारा नोट लिखा है। श्रीराम नेने ने लिखा है-'दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला को जन्मदिन की बधाई, मेरी पत्नी, मेरी आत्मा, मेरी सबसे अच्छी दोस्त। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं और तुम्हें जिंदगी में सर्वश्रेष्ठ मिले। आपको शानदार जन्मदिन और आने वाले कई अद्भुत वर्षों की शुभकामनाएं।'
डॉ. नेने की इस पोस्ट को फैंस पसंद कर रहे हैं और इसपर प्रतिक्रिया देते हुए माधुरी दीक्षित को जन्मदिन की बधाई भी दे रहे हैं। गौरतलब है कि नब्बे के दशक में अपने शानदार अभिनय से बड़े पर्दे पर राज करने वाली मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने 17 अक्टूबर, 1999 को अमेरिकी मूल के डॉ. श्रीराम नेने से शादी की थी। माधुरी और श्रीराम नेने के दो बेटे रयान और अरिन हैं। अमेरिका में 12 साल बिताने के बाद माधुरी अपने पूरे परिवार के साथ साल 2011 में वापस मुंबई आ गईं। लाखों दिलों पर राज करने वाली माधुरी दीक्षित ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में शानदार अभिनय किया। हाल ही में माधुरी दीक्षित नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज द फेम गेम में नजर आईं। उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया ।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |