Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले दो दिनों से अत्यधिक गर्म मौसम और लू से भले ही राहत बनी हुई है लेकिन हवाओं में नमी बढ़ जाने से उमस लोगों का पसीना छुड़ा रही है। हालत है कि उमस भरी गर्मी से पंखा और कूलर की हवा में भी राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में लोगों को ऐसी का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते अगले 24 घंटे के दौरान दतिया, भिण्ड, मुरैना, अशोकनगर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
बात ग्वालियर की करें तो यहां मंगलवार को सुबह काफी घने बादल छाए रहे लेकिन दोपहर में आंशिक बादलों के साथ आसमान में धूल भी छाई रही। हालांकि आज लगभग छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी चलीं लेकिन आसमान में आंशिक बादलों के साथ धूल छाई रहने की वजह से पिछले दिनों की अपेक्षा सूरज के तेवर कुछ नरम बने रहे। जिससे भीषण गर्मी और लू से तो राहत बनी रही लेकिन वातावरण में घुली उसम लोगों का पसीना छुड़ाती रही।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में तो दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान में बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब से लेकर मध्य पाकिस्तान तक एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से उत्तर प्रदेश और बिहार से होते हुए उप हिमालयी पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका बनी हुई है जबकि दूसरी द्रोणिका मध्य उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्यप्रदेश और विदर्भ होते हुए तेलंगाना तक बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आ रही है। इस कारण ग्वालियर-चम्बल में आंशिक बादल छाए हुए हैं। इसके चलते अगले दो से तीन दिन तक तापमान में ज्यादा वृद्धि की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि सात या आठ मई से तापमान में वृद्धि के साथ गर्मी तेज होने की संभावना है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 25.7 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा जो औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 30 और शाम को 34 प्रतिशत दर्ज की गई।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |