भोपाल में पुलिस के पहरे में निकाली शोभायात्रा
bhopal,Procession taken out ,under police guard

भोपाल। कोरोना काल में दो साल बाद पवन पुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। राजधानी भोपाल में हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। भोपाल में शाम को हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। खास बात यह रही कि यह शोभायात्रा सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के माहौल में निकाली। मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा पर फूल बरसा कर स्वागत किया। हालांकि, इस दौरान शोभायात्रा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। घरों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

 

निधारित कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल के बुधवारा कालीघाट से शाम 6.00 बजे शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें चार हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। हनुमान भक्त जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। शोभायात्रा में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी शामिल हुए। पहले विधायक शर्मा ने हनुमान जी की पूजा की और उसके बाद शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में शामिल हनुमान भक्त श्रद्धालु जय श्रीराम और वन्दे मातरम् के नारे लगाते चल रहे थे। हालांकि. धार्मिक स्थलों के सामने दो बार डीजे भी बंद कराया, लेकिन बाद में चालू भी करा दिया। भव्य शोभायात्रा में यातायात भी प्रभावित हुआ। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से हनुमान भक्तों का जत्था पहुंचा था। लिली टॉकीज से सुल्तानिया अस्पताल तक एक तरफ हनुमान भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। इस कारण यातायात जाम हो गया।

 

शोभायात्रा मार्ग की दुकानें बंद करा दी गई थी। सिर्फ खान-पान की दुकानें ही खुली रही। तलैया से इकबाल मैदान रोड पर यातायात रोक दिया गया था। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यहां मौजूद सभी मस्जिदों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया था। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए 600 जवान तैनात किए गए। प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। जुलूस चार बत्ती चौराहे से बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, आजाद मार्केट, जुमेराती, घोड़ा नक्कास, नादरा बस स्टैंड होते हुए देर रात सिंधी कॉलोनी पहुंचा। शोभायात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा था। सभी लोगों के हाथ में भगवा झंडे लहरा रहे थे। शोभायात्रा का हिंदू उत्सव समिति के सदस्यों ने जगह-जगह स्वागत किया और शहर के मंदिरों में जाकर चोला चढ़ाया।

Dakhal News 16 April 2022

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.