
Dakhal News

ग्वालियर। सूरज की बढ़ती तपन और पश्चिमी गर्म हवाओं के प्रभाव से तापमान फिर से ऊपर पहुंचने लगा है। पिछले दो दिन से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास टिका तापमान शुक्रवार को आंशिक वृद्धि के साथ 42 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है जबकि रविवार से भीषण गर्मी के साथ एक बार फिर लू की स्थिति निर्मित हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, हाल ही में जम्मू-कश्मीर में एक के पीछे एक लगातार आए दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले तीन-चार दिनों से आंशिक बादल छाए हुए हैं जिससे सूरज के तेवर कुछ नरम बने हुए हैं। उधर राजस्थान में कहीं धूल भरी आंधी तो कहीं हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। इस वजह से राजस्थान की ओर से आ रहीं पश्चिमी हवाओं में ज्यादा गर्माहट नहीं होने से लू से राहत बनी हुई है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी आंशिक बादल छाए रहे।
हालांकि दिन भर तेज धूप खिली रही और पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिमी हवाएं भी चलती रहीं। इसके चलते पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका रहा। यह भी औसत से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अभी जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसी के प्रभाव से आंशिक बादल छाए हुए हैं। शनिवार से मौसम शुष्क हो जाएगा। जिससे अधिकतम तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है जबकि रविवार से लू की स्थिति निर्मित हो सकती है। हालांकि पिछले दिनों की अपेक्षा इस बार लू का दौर दो से तीन दिन ही चलेगा क्योंकि 19 से 20 अपै्रल के बीच जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिससे बढ़ते तापमान पर एक बार फिर अंकुश लगेगा।
विदित रहे बीते दो से दस अपै्रल तक ग्वालियर सहित ग्वालियर-चम्बल संभाग के ज्यादातर क्षेत्रों में लगातार नौ दिन तक कभी लू तो कभी तीव्र लू की स्थिति बनी रही थी।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |