इंदौर: भाजपा नेता नेमा के घर हमला करवाने वाले मनोहर वर्मा के घरों पर चला बुलडोजर
इंदौर। गुंडों के अवैध निर्माणों पर पुलिस और नगरनिगम की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम ने भाजपा नेता गोपीकृष्ण नेमा के घर पर हमला करवाने वाले मनोहर वर्मा के मकानों पर कार्रवाई की। नगर निगम के दस्ते ने दोनों घरों को जमींदोज कर दिया।
पुलिस-प्रशासन ने नगर निगम के साथ मिलकर मनोहर वर्मा के हाथीपाला मेन रोड और मालीपुरा मेन रोड स्थित दो मकानों को शुक्रवार सुबह जमींदोज कर दिया। मनोहर वर्मा का नाम भाजपा नेता नेमा के घर पर 15 नवंबर को हुए हमले में सामने आया है। वर्मा अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। निगम टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से मनोहर वर्मा और लकी वर्मा के अवैध मकानों को ध्वस्त किया। दोनों के खिलाफ हत्या, छेड़छाड़, लूट और बलवा जैसे करीब एक दर्जन अपराध दर्ज हैं।
नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि मनोहर वर्मा पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस-प्रशासन के सहयोग से नगर निगम अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। हमें पुलिस से सूची मिली थी, जिसमें मनोहर वर्मा का भी नाम है। वह कई मामलों में अपराधी है और इसने क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रखा है। वहीं, डीआईजी का कहना है कि पुलिस ने निगम को 15 बड़े अपराधियों पर कार्रवाई के लिए सूची सौंपी थी।