कोरोना संक्रमित कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस
भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी (63 वर्ष) का मंगलवार तडक़े निधन हो गया। पिछले दिनों विधायक दांगी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके अलावा उनकी पत्नी और बेटे भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लगातार तबीयत बिगडऩे पर उन्हें ईलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह दिल का दौरा पडऩे के बाद उनका निधन हो गया। गोवर्धन दांगी के निधन का समाचार मिलते ही पार्टी में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी अनुसार गोवर्धन सिंह दांगी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पहले उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद तबियत में सुधार नहीं होने पर उन्हें एयरएंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली के मेदांता अस्पतला में भर्ती कराया गया था। वहां पर इलाज के बाद उनका कोरोना टेस्ट भी निगेटिव आ गया था। लेकिन स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उनका इलाज चल रहा था। इस बीच मंगलवार तडक़े उनका निधन हो गया। दांगी की पार्थिव देह आज शाम तक ब्यावरा लाए जाने की उम्मीद है। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र है।
कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख
कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के आकस्मिक निधन पर कांग्रेस नेताओं ने शोक जताया है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा समेत जीतू पटवारी और अन्य नेताओं ने दांगी के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।