दिल्ली विधानसभा चुनाव में 57 प्रतिशत मतदान
delhi,  57 percent voting, assembly election
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान संपन्न हो गया। सभी 70 सीटों पर औसतन 57 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि मतदान के अंतिम आंकड़ों में एक-आध प्रतिशत की घट-बढ़ हो सकती है, क्योंकि मतदान खत्म होने की समय सीमा शाम छह बजे तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। वर्ष 2015 के चुनाव में 67.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। दिल्ली में वर्ष 1993 के बाद से विधानसभा का यह सातवां चुनाव है। वर्ष 1993 में 61.75 प्रतिशत मतदान हुआ था। 
चुनाव आयोग के मुताबिक विधानसभा की 70 सीटों में से सबसे अधिक मतदान (68.50) मटियामहल क्षेत्र में हुआ है, जबकि सबसे कम (37.50 प्रतिशत) शकूरबस्ती में हुआ है। इसी के साथ सभी 70 सीटों पर कुल 672 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। मतगणना 11 फरवरी को होगी और नतीजे भी उसी दिन दोपहर तक आ जाएंगे। नई दिल्ली सीट पर सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि सबसे कम चार उम्मीदवार पटेलनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बुराड़ी सीट पर 22 और करावलनगर सीट पर 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। आप ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आप उम्मीदवार के रूप में पटपड़गंज सीट से चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि भाजपा ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता को रोहिणी सीट चुनाव मैदान में उतारा है।
 
विधानसभा की सभी 70 सीटों पर कुल 1,47,86,389 मतदाता हैं। इनमें 81,05,236 पुरुष और 66,80,277 महिला हैं, जबकि 869 थर्ड जेंडर मतदाता है। चुनाव आयोग के मुताबिक पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 2,32,815 है। 
 

ओखला विधानसभा क्षेत्र के शाहीनबाग इलाके में मतदान केंद्रों पर लोग मतदान करने के लिए भारी संख्या में उमड़े। बीते 15 दिसम्बर से यहां नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रदर्शन स्थल पर काफी बयानबाजी भी हुई थी। शाहीनबाग में पांच पोलिंग बूथ बनाये गए। यहां महिलाएं अलग-अलग जत्थों में वोट डालने पहुंची ताकि विरोध-प्रदर्शन पर मतदान का असर न पड़े।

 
किस पार्टी को मिली थीं कितनी सीटें 
वर्ष 2015 में विधानसभा के मध्यावधि चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 और भाजपा ने 03 सीटें जीती थीं। 
वर्ष 2013 में भाजपा को 32, आप 28, कांग्रेस 08, अन्य को दो सीटें मिली थीं। 
वर्ष 2008 में भाजपा 23, कांग्रेस 43, बसपा दो, अन्य दो। 
वर्ष 1993 के प्रथम चुनाव में भाजपा 49, कांग्रेस 14, जनता दल को 04 सीटें मिली थीं। 
 
कब कितना मतदान 
वर्ष 2015 - 67.12
वर्ष 2013 - 65.63
वर्ष 2008 - 57.58
वर्ष 2003 - 53.42
वर्ष 1998 - 48.99
वर्ष 1993 - 61.75 
(मतदान के आंकड़े प्रतिशत में) 
 
विधानसभा वार मतदान प्रतिशत 
नरेला 61.81 , बुराड़ी 48.60, तिमारपुर 51.17, आदर्श नगर 53.25, बादली 56.23, रिठाला 51.20, बवाना 41.95, मुंडका 57, किराड़ी 55.67, सुल्तानपुर माजरा 50.34, नांगलोई 53.15, मंगोलपुरी 59.59, रोहिणी 58.80, शालीमार बाग 45.68, शकूरबस्ती 37.49, त्रिनगर 60.97, वजीरपुर 65.12, मॉडल टाउन 55.85, सदर बाजार 60.74, चांदनी चौक 46.21, मटियामहल 68.35, बल्लीमारान 47.35, करोलबाग 54.79, पटेल नगर 55.84, मोती नगर 51.85, मादीपुर 60.73, राजौरी गार्डन 44.70, हरि नगर 57.35, तिलक नगर 58.60, जनकपुरी 59.12, विकासपुरी 56.79, उत्तम नगर 49.38, द्वारका 58.79, मटियाला 47.36, नजफगढ़ 68, बिजवासन 46.93, पालम 66, दिल्ली कैन्ट 39.52, राजेंद्र नगर 54.44, नई दिल्ली 42, जंगपुरा 43.35, कस्तूरबा नगर 49.19, मालवीय नगर 59.20, आरके पुरम 50.92, महरौली 46.59, छतरपुर 48.80, देवली 59.19, अम्बेडकर नगर 52.75, संगम विहार 59.88, ग्रेटर कैलाश 60, कालकाजी 53.82, तुगलकाबाद54.30, बदरपुर 53.99, ओखला 50.05, त्रिलोकपुरी 43.22, कोंडली 60.84, पटपड़गंज 56.11, लक्ष्मी नगर 54.95, विश्वास नगर 58.68, कृष्णानगर 62.51, गांधीनगर 58.91, शाहदरा 59.26, सीमापुरी 63, रोहतास नगर 44.20, सीलमपुर 60.63, घोण्‍डा 60.52, बाबरपुर 60.26, गोकलपुरी 61.93, मुस्तफाबाद 66.29, करावल नगर में 63.24 प्रतिशत मतदान हुआ है।
 
मतदान के अंतिम आंकड़ें अभी और बढ़ने की संभावना है क्योंकि मतदान खत्म होने की समय-सीमा शाम छह बजे तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं।
Dakhal News 8 February 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.