 
									Dakhal News
 30 October 2025
									30 October 2025
									 
								
								
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक सुकमा जिले के मर्कागुड़ा और मुलेर के जंगल में डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना मिली है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि उनके शव बरामद नहीं हुए हैं। इसके अलावा कई नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस ने एक नक्सली को जिंदा गिरफ्तार कर लिया है। फूल बगड़ी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस को घटना स्थल से एक 315 बोर पिस्टल, 4 भरमार, एक पाइप बम और दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद हुई है।
5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया समर्पण
पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा बस्तर में चलाए जा रहे प्रभावी अभियान और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर बस्तर क्षेत्र में लगातार नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बस्तर रेंज के आईजी विवेकानंद सिन्हा के समक्ष 3 नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया। आत्मसर्पण करने वाले नक्सलियों में एक 10 लाख का इनामी कमाण्डर सहित एक 5 लाख की इनामी महिला नक्सली शामिल है।
आत्मसर्पण करने वाले नक्सलियों का बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा ने समाज की मुख्यधारा में स्वागत किया है साथ ही उन्हें सहयोग और पुनर्वास का आश्वासन दिया गया है। जानकारी के मुताबिक आत्मसर्पण करने वाला 10 लाख का इनामी सोभी उर्फ नागू कतलाम नारायणपुर जिले के अंतर्गत अमदईघाट में एरिया कमाण्डर के रूप में पिछले कई वर्षों से काम कर रहा था।
साल 2004 में सोभी को बाल नक्सली के रूप में संगठन में बलपूर्वक शामिल किया गया था। सोभी पर नारायणपुर जिले में कई बड़ी वारदातों में शामिल होने का आरोप है। वहीं आत्मसर्पण करने वाली महिला नक्सली सुमित्रा साहू पर भी पांच लाख का इनाम घोषित है।
सुमित्रा अपने पति सोभी के साथ अमदईघाट क्षेत्र में एरिया कमेटी सदस्य के रूप में कार्यरत थी। उसके खिलाफ भी कई गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके साथ ही एक अन्य नक्सली बुधसन उर्फ भारत पदामि ने भी आत्मसमर्पण किया है। बुधसन इरकानार डीलएकेएमएस का सदस्य था।
 
							
							
							
							Dakhal News
 3 October 2018
								3 October 2018
								|  All Rights Reserved	© 2025 Dakhal News.  Created By:   Medha Innovation & Development |