Patrakar Priyanshi Chaturvedi
इंदौर में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का कहना है कि आने वाला विधानसभा चुनाव प्रदेश के भविष्य को तय करेगा। राजनीतिक जीवन में मैंने कभी ऐसा दौर नहीं देखा जब हर वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। ढाई हजार लोग कांग्रेस से टिकट के लिए कतार में हैं। इन दावेदारों में भाजपा के 30 विधायक भी शामिल हैं। टिकट सिर्फ सर्वे के आधार पर ही बांटे जाएंगे।'
कमलनाथ ने यह बात रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा कलाकारी की राजनीति कर रही है। कांग्रेस आजादी के पहले गोरों से लड़ी थी अब चोरों से लड़ेगी। अध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद पहली बार इंदौर आए कमलनाथ अपने स्वागत में सड़क पर उमड़े कार्यकर्ताओं का हुजूम देख खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नजर किसान, युवा और व्यापारियों पर है। उन्होंने नारा दिया कि 'कांग्रेस की सरकार बनी तो हर किसान के हाथ में दाम होगा, युवा के हाथ में काम होगा और व्यापारी को टैक्स से आराम होगा।'
आरक्षण के साथ न्याय के भी साथ : एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ आंदोलन पर कमलनाथ ने कहा कि हम आरक्षण व एट्रोसिटी एक्ट को जरूरी मानते हैं, पर सबके साथ न्याय हो, यह भी हमारा सोच है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के सभी विधायक और कार्यकर्ता कमलनाथ से संपर्क करते हुए उन्हें यह जरूर बोलना चाहते हैं कि वो प्रदेश में कांग्रेस की हालत समझें और प्रदेश की राजनीति छोड़ दिल्ली की राजनीति में रुचि लें या वापस अपने गृह प्रदेश बंगाल (कोलकाता) लौट जाएं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |