Patrakar Priyanshi Chaturvedi
न्यूयॉर्क के एक सिख संगठन ने कुछ ही घंटों में अपने समुदाय के लोगों को नौ हजार पगड़ियां बांधकर विश्व रिकॉर्ड बना लिया है। न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध टाइम स्क्वायर में सालाना "टर्बन डे" मनाया गया। इस मौके में सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के प्रति भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
न्यूयॉर्क में अप्रैल के मध्य में हर साल मनाए जाने वाले बैसाखी के वार्षिक समारोह में सैकड़ों सिख जमा हुए। इस साल सिख समुदाय ने "टर्बन डे" पर विश्व रिकॉर्ड बनाने की ठानी। लिहाजा विगत शनिवार को पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में कुल नौ हजार रंग-बिरंगी पगड़ियां बांधी गईं।
सिख संगठन के संस्थापक चनप्रीत सिंह ने बताया कि कुछ ही घंटों में हजारों पगड़ियां बांधकर वह बहुत उत्साहित हैं। इस संगठन ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से विश्व रिकॉर्ड बनाने का सर्टीफिकेट भी हासिल कर लिया है।
"टर्बन डे" पर सिर्फ सिख समुदाय के लोगों को ही नहीं बल्कि अमेरिकियों, पर्यटकों और अमेरिका भर से टाइम स्क्वायर घूमने आए अमेरिकियों को भी सिख स्टाइल की पगड़ी बांधी गई। पगड़ी बांधते हुए इन लोगों को सिखों की पहचान से भी अवगत कराया गया। ताकि लोग सिखों की संस्कृति से वाकिफ हो सकें।
इस आयोजन का मुख्य मकसद यह था कि लोगों को सिखों की संस्कृति, धर्म और उनकी पहचान से अवगत कराया जाए। ताकि 9/11 के आतंकी हमले को दौरान न्यूयॉर्क में सिख समुदाय के लोगों को उनकी पगड़ी के कारण आतंकी मानकर उन पर हमले करने की घटनाएं फिर कभी न दोहराई जाएं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |