
Dakhal News

खबर है वाशिंगटन से । यह भारतीय उपमहाद्वीप के लिए परेशान करने वाली खबर है कि आतंकी संगठन अलकायदा लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। इस उपमहाद्वीप में 2017 तक अलकायदा ने सैकड़ों लोगों को अपने साथ जोड़ा है।
अमेरिका के सुरक्षा विशेषज्ञों ने इसपर चिंता जाहिर करते हुए अमेरिकी सरकार की आतंकरोधी व खुफिया उप समिति के सदस्यों को इसकी जानकारी दी है। विशेषज्ञों ने बताया कि अलकायदा का अफगानिस्तान के हेलमंद, कंधार, जाबुल आदि इलाकों में मजबूत संगठन है। इसका नेटवर्क बांग्लादेश में भी है। विशेषज्ञ सेट जी जोंस ने कहा कि अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों से रिश्ते के कारण अलकायदा वहां अपनी जड़ें जमाता जा रहा है। इन संगठनों में तालिबान से लेकर तहरीक-ए-तालिबान व लश्कर-ए-झांगवी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अलकायदा ने अपने मीडिया संगठन अल सहाब के जरिए पूरे भारतीय महाद्वीप में प्रचार-प्रसार का अभियान चला रखा है। अल कायदा के नेता अयमान अल जवाहिरी ने सितंबर 2014 में ही भारतीय उपमहाद्वीप के लिए अलग से क्षेत्रीय संगठन कायदा अल जिहाद बनाने की घोषणा की थी। इसका प्रमुख एक भारतीय को बनाया गया।
अमेरिकी सांसदों को जानकारी दी गई कि इस संगठन के बैनर तले लोगों को जिहाद का झंडा बुलंद करने व पूरे भारतीय उप महाद्वीप में इस्लामिक कानून का शासन स्थापित करने के लिए आगे आने को उकसाया जा रहा है। अलकायदा ने पाकिस्तान में कभी अपनी जमीन नहीं खोयी और यहीं से अफगानिस्तान में काम करते हुए वहां अपने को स्थापित किया।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |