Dakhal News
किसान आंदोलन को लेकर सियासत गरमाई हुई है। सोमवार दोपहर सीएम हाउस में आपातकालीन बैठक हुई । इस बैठक के निर्णयों से अवगत कराने कुछ देर बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है। कुछ लोगों ने किसानों के आंदोलन को बदनाम करने का कोशिश की है। उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि, किसान संघ 7 जून को सीएम का सम्मान करेगा। उन्होंने किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा कक्का पर निशान साधा कि, कक्काजी और जच्चाजी को जो करना है कर लें।
सीएम ने कहा कि, किसानों से शांतिपूर्ण चर्चा का रास्ता हमेशा खुला है और खुला रहेगा। मैं जानता हूं किसान कभी हिंसा नहीं कर सकते, कुछ लोगों ने किसानों को भड़काने की कोशिश की है। सरकार किसानों के लिए ही है। सीएम ने कहा कि किसानों को फसल लगाने से पहले सरकार सलाह देगी।
सरकार का दावा है कि, किसानों का हड़ताल समाप्त हो गई है, लेकिन पांचवें दिन भी किसान हड़ताल पर रहे। दरअसल, मप्र में किसान आंदोलन दो गुटों में बंट गया। संघ व भाजपा से जुड़े भारतीय किसान संघ ने रविवार को आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया था, इसके बाद भी विरोध-प्रदर्शन जारी है। किसान मजदूर संघ का दावा है कि यह आंदोलन उनका था, इससे किसी का लेना-देना नहीं।
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव को पुलिस ने धारा 151 के तहत हिरासत में ले लिया है।
किसान नेता रहे महेंद्र सिंह टिकैत की भारतीय किसान यूनियन का भी कहना है कि आंदोलन जारी रहेगा। इधर, देवास समेत कई जिलों में भारतीय किसान संघ के पुतले फूंकने की खबरें हैं।सीहोर में रविवार को हुए उपद्रव के बाद सोमवार को स्थिति थोड़ी सामान्य रही। हालांकि, किसानों ने हाईवे से गुजर रहे ट्रकों और अन्य छोटे वाहनों को रोका और इनमें भरे प्याज, सब्जियों और फलों को सड़क पर फेंक दिया।
मुख्यमंत्री ने मांगें मान ली हैं। इसलिए किसान संघ ने आंदोलन स्थगित कर दिया। हमें किसी दूसरे किसान संगठनों से कोई लेना-देना नहीं है। - शिवकांत दीक्षित, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, भारतीय किसान संघ
भारतीय किसान संघ का इस आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है। जब तक ऋणमुक्ति व उपज का पूरा दाम नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। -शिवकुमार शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान मजदूर संघ
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |