Patrakar Vandana Singh
इंदौर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बड़े नोट बंद करने के फैसले पर निशाना साधा है। इंदौर में एक प्रेस कांन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि नोट बंदी से देश का कोई भला नहीं होगा। 17 लाख करोड़ की पूरे देश में करंसी में 86 फीसदी नोट 500 और 1000 के थे। इतनी बड़ी करंसी अलग कर दी अब 14 फीसदी करंसी में पूरा देश कैसे चलेगा। यहां गवर्नेंस की बहुत बड़ी असफलता है। सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि यह बहुत बड़ा इकोनॉमिक ब्लांडर है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई भी काला धन रखने वाला बैकों या एटीएम की लाइन में नहीं दिखाई दिया। कोई पार्षद, सांसद न कोई आईएस, आईपीएस, केवल एक से पांच प्रतिशत लोगों के लिए 95 फीसदी जनता को परेशान किया जा रहा है। यह दूरदृष्टि और गवर्नेंस की असफलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की तारीफ करो तो नेशनल और न करो तो लोग एंटी नेशनल हो जाते हैं।
सिंह ने कहा कि 6 माह बाद देखिएगा कई फैक्ट्रियां बंद हैं और मजदूरों का पेमेंट नहीं हो रहा है। आज जितना रिप्लेसमेंट होना चाहिए उतना नहीं है, 8 बार नोटिफिकेशन अलग-अलग हो चुके हैं। दिग्विजय सिंह का कहना है कि आप हिटलर का इतिहास और मोदीजी को पढ़ें दोनों में काफी समानता लगेगी।
भोपाल जेल से भागे सिमी आतंकियों को शहीद करार देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इस मामले में कुछ नहीं कह पाऊंगा, लेकिन यहां प्रदेश सरकार की भूमिका असफल हुई है। भोपाल की हाई सिक्युरिटी जेल के कर्मचारी अधिकारियों के यहां काम करते हैं। डीजी जेल ने कई बार व्यवस्था करने को कहा, लेकिन नहीं हुई। घटना में टूथब्रश से चाबी बनाने की बात सामने आई है, उन्होंने कहा कि हम सीएम शिवराज सिंह चौहान को टूथब्रश देते हैं वे इससे चाबी बनाकर बताएं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |