Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भारत सरकार की कंपनी नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एन. एम. डी. सी.) और मेगनीज ऑर लिमिटेड (एम.ओ.आई.एल.) मध्यप्रदेश में खनिजों का सर्वेक्षण करेगी। इस संबंध में भोपाल में मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में राज्य खनिज विकास निगम और इन कंपनियों के बीच एम.ओ.यू.हुआ। इस अवसर पर राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिव चौबे और उपाध्यक्ष गिरिराज किशोर भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में खनिज के क्षेत्र के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं। खनिजों की उपलब्धता बढ़ाने और संभावित खनिज क्षेत्रों के चिन्हांकन के लिये सर्वेक्षण आवश्यक है। बताया गया कि राज्य खनिज विकास निगम और भौमिकी तथा खनिकर्म संचालनालय के साथ परामर्श से यह सर्वेक्षण किया जायेगा। सर्वेक्षण और खोज का सारा व्यय एन.एम.डी.सी. और एम.ओ.आई.एल. द्वारा वहन किया जायेगा। इसके लिये इनके द्वारा करीब 250 करोड़ रूपये व्यय किये जायेंगे। खनिज की उपलब्धता प्रमाणित होने पर संयुक्त क्षेत्र कंपनी गठित की जायेगी जिसमें एन.एम.डी.सी. और एम.ओ.आई.एल. की अंश पूँजी 51 प्रतिशत तथा राज्य खनिज विकास निगम की अंश पूँजी 49 प्रतिशत होगी।
एम.ओ.यू.पर राज्य खनिज विकास निगम की ओर से खनिज सचिव मनोहर दुबे और संचालक विनीत आस्टीन तथा एन.एम.डी.सी. की ओर से निर्देशक पी.के.सत्पथी और एम.ओ.आई.एल. की ओर से निदेशक टी.के.पटनायक ने हस्ताक्षर किये।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |