मध्य प्रदेश में थमा बारिश का दौर, अब बढ़ेगी ठंडक
   Rain spell ends in Madhya Pradesh; colder weather to follow

 

मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर अब थम गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट आने से ठंडक बढ़ने लगी है। सीजन में पहली बार अनूपपुर के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कटनी के करौंदी में 13.1 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इंदौर और उज्जैन संभाग में चक्रवाती सिस्टम का असर ज्यादा देखने को मिला, जबकि भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में भी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बारिश हो सकती है। ऐसे में महीने के अंतिम दिनों में बारिश के साथ रात की ठंडक भी बढ़ने की संभावना है।

इस साल मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान कुल 908.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 949.5 मिलीमीटर से करीब 4 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक, जबकि पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, जून में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश होने और मानसून के बीच-बीच में कमजोर पड़ने के कारण पूरे सीजन में बारिश का आंकड़ा कम रहा। हालांकि, प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है, जबकि 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

Dakhal News 24 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.