असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 500 घर बनवाएंगे सलमान खान, रणदीप हुड्डा और भूमि पेडनेकर भी राहत अभियान में जुटे
असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अभिनेता सलमान खान ने राहत और पुनर्वास अभियान में हाथ बढ़ाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान ने NGO ग्लोबल सिख्स के साथ मिलकर बाढ़ में बेघर हुए लोगों के लिए 500 सेमी-पर्मानेंट घर बनवाने का फैसला किया है। इससे पहले उनकी संस्था बीइंग ह्यूमन राहत सामग्री और भोजन पहुंचाने में सहयोग कर चुकी है। अब अभियान के दूसरे चरण में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास पर फोकस किया जा रहा है। शिवसागर जिले के नेपाली खुटी गांव में अब तक करीब 220 सेमी-पर्मानेंट घर तैयार किए जा चुके हैं। बांस और टिन से बनाए जा रहे इन घरों को बाढ़ प्रभावित इलाकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
इस राहत अभियान में अभिनेता रणदीप हुड्डा पहले से सक्रिय हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने सलमान खान को ग्लोबल सिख्स के अभियान के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद सलमान ने भी इससे जुड़ने का फैसला किया। संस्था के मुताबिक, एक सेमी-पर्मानेंट घर बनाने में करीब 35 से 40 हजार रुपये का खर्च आता है और अभियान में लगभग 70 स्वयंसेवक काम कर रहे हैं। वहीं अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरत का सामान बांट रही हैं। फिल्मी सितारों की यह पहल बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के साथ दोबारा घर बसाने में मदद करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।