Patrakar Priyanshi Chaturvedi
नागरिक आपूर्ति निगम के कर्मचारी सातवें वेतनमान का 27 माह का एरियर न मिलने से नाराज चल रहे हैं। इसके अलावा कर्मचारियों को क्रमोन्नति का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इस उपेक्षा को लेकर सेमी गवर्मेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल बाजपेई और अर्द्धशासकीय अधिकारी-कर्मचारी सार्वजनिक उपक्रम संघ के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
बाजपेई ने बताया कि आपूर्ति निगम के संचालक मंडल ने सातवें वेतनमान का 27 माह का एरियर भुगतान करने का प्रस्ताव पारित कर राज्य शासन को स्वीकृत के लिए भेजा है, पर अब तक स्वीकृति नहीं मिली है। जिस वजह से निगम एरियर का भुगतान नहीं कर रहा है। वहीं कर्मचारियों को क्रमोन्नति लाभ भी नहीं दिया जा रहा है। परिणाम स्वरूप कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कहना है कि क्या एरियर का भुगतान एवं क्रमोन्नति का लाभ नहीं मिलने से हमारे पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
बाजपेई एवं वर्मा ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव खाद्य एवं वित्त, आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक से अनुरोध किया है कि आपूर्ति निगम के कर्मचारियों एवं सेवानिवृत कर्मचारियों को तत्काल सातवें वेतनमान के 27 माह के एरियर का भुगतान किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को क्रमोन्नति का लाभ दिया जाए। ऐसा नहीं करने पर मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकाल के लिए आंदोलन किया जाएगा। इस मांग का समर्थन मेघराज यादव, गजेंद्र कोठारी, संतोष मिश्रा, हेमराज मोरे, अनिल जैन, जय सिंह, गिरीश यादव, पीसी जैन, पीएल शर्मा, आरएस रघुवंशी, एके ब्योहार, पीएस जाट सहित अनेक कर्मचारियों ने किया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |