
Dakhal News

ग्वालियर। मार्च के अंतिम तीन दिन पड़ी भीषण गर्मी के बाद अप्रैल के प्रथम सप्ताह में भी मई-जून जैसा एहसास कराते हुए ग्वालियर के साथ-साथ आसपास के इलाके भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज धूप के साथ राजस्थान की ओर से आ रहीं पछुआ गर्म हवाओं ने ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति निर्मित कर दी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। ग्वालियर-चम्बल संभाग में अगले चार दिनों तक लू का प्रभाव रहेगा। इस दौरान 10 व 11 अपै्रल को सीवियर हीट वेव (तीव्र लू की स्थिति) देखने को मिल सकती है।
गुरुवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहे लेकिन सूरज की तपन पर बादलों का कोई असर नजर नहीं आया। पिछले दिनों की तरह आज भी तेज धूप निकली। साथ ही चार किलोमीटर मीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। इसके चलते दोपहर में लू की स्थिति बनी रही। स्थानीय मौसम वैज्ञानिक के अनुसार हाल ही में उत्तर-भारत से एक पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और उसके आसपास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। साथ ही स्थानीय स्तर पर हीटिंग भी हो रही है। इसी वजह से आंशिक बादल छा गए हैं लेकिन इससे मौसम में बढ़ती गर्मी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अगले चार दिनों तक मौसम इसी प्रकार गर्म बना रहेगा। इस दौरान घर के अंदर भीषण गर्मी और बाहर लू का सामना करना पड़ेगा। दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। 10 व 11 अपै्रल को दिन का तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री ऊपर पहुंच सकता है। जिससे सीवियर हीट वेव यानी तीव्र लू की स्थिति बन सकती है। संभवत: 12 अपै्रल के बाद तापमान में गिरावट होगी।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वर्तमान मौसम में यह दूसरा मौका है जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेलिसयस के नजदीक पहुंचा है। इससे पहले 31 मार्च को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.7 और पिछले दिन से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 40 और शाम को 25 प्रतिशत दर्ज की गई।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |