शिवराज सरकार युवाओं की आवाज को दबाना चाहती है: श्रीनिवास बी.वी.
bhopal, Shivraj government, wants to suppress,Srinivas BV

भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल में प्रदेश एवं केन्द्र में व्याप्त बेरोजगारी, मँहगाई, व्यापम घोटाला एवं भृष्टाचार को लेकर मप्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल ‘‘युवा शंखनाद’’ का आयोजन युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. एवं प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसजनों नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकता शामिल थे।

युवा शंखनाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के आज के कार्यक्रम में आकर मुझे ना केवल खुशी मिली बल्कि बल और शक्ति भी मिली है, क्योंकि मैंने अपना राजनीतिक जीवन युवक कांग्रेस से ही शुरू किया था। जब मैं पहली बार संसद में पहुँचा था, वरिष्ठजनों का हमें मार्गदर्शन मिलता था, वह भी एक समय था। आज जो यह शंखनाद हो रहा है, यह केवल कांग्रेस की ही बात नहीं है, मध्य प्रदेश के भविष्य की बात है। हमें देश-प्रदेश के भविष्य की रक्षा करना है। उन्होंने कहा यही युवा देश और प्रदेश के भविष्य का नवनिर्माण करेंगे। यदि आज इनका ही भविष्य अंधकार में रहेगा तो मध्यप्रदेश का भविष्य क्या होगा?यही चुनौती हमारे आज सामने है। आज हमारे देश की संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। देश की और कांग्रेस की संस्कृति जोडऩे की संस्कृति रही है, हम दिल जोड़ते है, संबंध जोड़ते हैं, रिश्ता जोड़ते हैं। विश्व में कोई भी ऐसा देश नहीं है, जहाँ इतने धर्म, इतनी जातियाँ, इतनी भाषा, इतने रीति-रिवाज, इतने त्यौहार, इतने देवी देवता हो, उसके बाद भी आज हम सभी एक झंडे के नीचे खड़े है। आज हमारा देश इसी संस्कृति को अपनाकर एक झंडे के नीचे खड़ा है।

पूर्व सीएम ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यह जो लड़ाई है, संघर्ष है, यह देश के, प्रदेश के भविष्य के लिये है व आने वाली पीढिय़ों के भविष्य के लिये है। आज भाजपा के पास सिर्फ़ तीन चीजे बची है, पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखियें जो हमारे कांग्रेस के युवा साथी है, वो ना इनकी पुलिस से दबेंगे, ना इनके पैसे से दबेंगे और ना इनके प्रशासन से दबेंगे। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि आप सभी ने ठान लिया तो मध्यप्रदेश की विधानसभा में 2023 में कांग्रेस के झंडे को लहराने से कोई नहीं रोक सकता है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी.वी. ने प्रदेश की भाजपा सरकार को ललकारते हुए कहा कि युवाओं में वो शक्ति है वो ताकत है कि आने वाले 2023 में आपकी कुर्सी को पलट कर रख देंगे। उन्होंने कहा आज युवा वर्ग परेशान हैं, शिक्षित युवा बेराजगार घूम रहा है। मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार युवा कांग्रेस के संघर्षों से डरी हुई है, यही कारण है कि सरकार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर द्वेषपूर्ण तरीके से प्रतिदिन नए झूठे मुकदमों में फँसाकर उनकी आवाज को बन्द करना चाहती है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे राजनीतिक विद्वेष के कारण दर्ज मुकद्मों को वापिस लिया जाएगा।

युवा शंखनाद कार्यक्रम सभा के बाद युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, व्यापम घोटाला, मँहगाई एवं भृष्टाचार के विरूद्व अपनी आवाज बुलन्द करने के लिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए व्यापम चौराहे से मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए कूच किया। इस दौरान पुलिस बल ने युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों को छत्रपति शिवाजी चौराहे रोक लिया। पुलिस ने लाठी चार्ज के साथ ही वाटर केनन का प्रयोग किया। इस दौरान सैकड़ों पदाधिकारियों को चोटें आयीं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी.वी.जी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ.विक्रांत भूरिया, राष्ट्रीय सचिव श्री शेषनारायण ओझा, विधायकद्वय पी.सी.शर्मा, कुणाल चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

Dakhal News 12 May 2022

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.