
Dakhal News

ग्वालियर। ग्वालियर में अब लू का तीसरा दौर शुरू हो गया है। रविवार के बाद सोमवार को भी जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर टिका रहा वहीं दोपहर में लू का प्रकोप भी रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी मौसम इसी प्रकार गर्म रहेगा लेकिन बुधवार से तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
ग्वालियर में मार्च के अंतिम सप्ताह में तीन दिन चली लू के बाद अप्रैल के दूसरे दिन से लगातार नौ दिन चली लू के बाद बीते रविवार से एक बार फिर लू की स्थिति निर्मित हो गई है। सोमवार को सुबह से दोपहर तक जहां मौसम शुष्क रहा वहीं ओवर हीटिंग के चलते दोपहर होते ही आसमान में आंशिक बादल छा गए लेकिन सूरज की चमक पर बादलों का कोई असर नजर नहीं आया। दिन भर पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। इसके चलते दोपहर में लू की स्थिति बनी रही।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक के अनुसार मंगलवार को भी लू चलने की संभावना है जबकि तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच टिका रह सकता है लेकिन बुधवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल कसता है क्योंकि इस समय उत्तरी पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जो 19 अपै्रल मंगलवार की रात जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगा। ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न भागों में भी इसका आंशिक असर नजर आएगा। इसके प्रभाव से 20 व 21 अपै्रल को बादल छा सकते हैं। साथ ही हवाओं का रुख बदलने से अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे दो से तीन दिन भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद अधिकतम तापमान फिर से बढ़ेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा सोमवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज सुबह हवा में नमी 35 और शाम को 20 प्रतिशत दर्ज की गई।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |