नीतू कपूर से मिलने के बाद भावुक हुए अनुपम खेर, शेयर की थ्रोबैक तस्वीरें
mumbai,Anupam Kher, gets emotional ,after meeting ,Neetu Kapoor
दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर इन दिनों चंडीगढ़ में अपनी आगामी फिल्म 'जुग-जुग जियो' की शूटिंग में व्यस्त है। इस दौरान दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने चंडीगढ़ में नीतू कपूर से मुलाकात भी की, जिसके बाद अनुपम खेर काफी भावुक हो गए। अनुपम खेर ने  नीतू कपूर और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर के साथ बिताये लम्हों की यादें ताजा करते हुए इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में से दो तस्वीरों में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर, नीतू कपूर और अनुपम खेर नजर आ रहे हैं, जबकि एक अन्य तस्वीर में ऋषि कपूर , नीतू कपूर, अनुपम खेर के अलावा रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा भी नजर आ रहे हैं।
 
इन तस्वीरों को शेयर करने के साथ ही अनुपम खेर ने एक भावुक नोट भी लिखा है। अनुपम ने लिखा-'प्यारी नीतू!  चंडीगढ़ में कल रात ऋषि कपूर के बिना आपसे मिलने पर न्यूयॉर्क में बिताई यादें ताजा हो गईं। हमारे आँसुओं ने उन पलों के बंधन को और मजबूत बना दिया। ये तस्वीरें इस बात की याद दिलाती हैं कि चिंटू जी का व्यक्तित्व कितना बड़ा था। मैं बहुत खुश हूं कि आप काम कर रही हैं। आपने ऐसा करके उसे सबसे खुशनसीब इंसान बनाया है। हम, आपके दोस्त हमेशा आपके लिए मौजूद हैं। याद रखें कि कुछ रिश्ते हैं जो एक टेप रिकॉर्डर पर एक पॉज़ बटन की तरह हैं। वे हमेशा वहीं से शुरू करते हैं जहां आपने उन्हें छोड़ा था! प्यार और प्रार्थना!'
अनुपम खेर के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जेनेलिया डिसूजा ने लिखा -'मेरे दिल को छू गया अनुपमजी! सच में वह शाम बहुत खास थी।' हाल ही में अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी ऋषि कपूर को याद करते हुए एक भावुक नोट सोशल मीडिया पर शेयर किया था। नीतू कपूर आखिरी बार ऋषि कपूर और रणबीर कपूर के साथ साल 2013 में आई फिल्म बेशर्म में नजर आई थी।
 
नीतू कपूर अब फिर से लगभग सात साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है, लेकिन अब इस सफर में उनके साथ उनके अभिनेता पति ऋषि कपूर नहीं है। अब सिर्फ उनकी यादें है। लेकिन नीतू कपूर बहुत हिम्मत के साथ जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। वह जल्द ही अनिल कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी के साथ फिल्म 'जुग-जुग जियो' में अभिनय करती नजर आयेंगी, जिसकी शूटिंग हाल ही में शुरू हो चुकी हैं।


Dakhal News 20 November 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.