सतना। सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र में बीती रात दुकान बंद कर अपने घर जा रहे एक व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। व्यापारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोलगवां थाना पुलिस के अनुसार, सतना शहर के प्रसिद्ध दाल व्यापारी 45 वर्षीय लालचंद्र लालवानी शहर के हिरानीपुरम में रहते हैं। गुरुवार देर रात वह सतना के मुख्य बाजार से अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने स्कूटर से घर जा रहे थे। इसी दौरान बांधवगढ़ कॉलोनी के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और उन्हें गोली मारकर उनके पास रखा रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार बैग में करीब 70 हजार रुपये नगद और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। गोली व्यापारी के जबड़े में जाकर धंस गयी है। उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों द्वारा उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सोलंकी ने बताया कि घटना के समय आसपास के लोगों ने तीन बदमाशों के बाइक पर सवार होकर भागते देखा था। बदमाशों की संख्या तीन थी। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है। वहीं, शहर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।