
Dakhal News

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म-दिवस 25 दिसम्बर से प्रदेश में नगर उदय अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान 5 फरवरी तक तीन चरण में चलेगा। इस दौरान नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जायेगा। इस अभियान के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा मंगलवार को बैठक ली गई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि इसे आकर्षक और जनांदोलन का रूप दिया जाये। इस दौरान नगरों में उत्सव जैसा माहौल रहे। साथ ही अभियान में जनता को शामिल किया जाये। इसमें मोहल्ला और रहवासी समितियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित नहीं रहे। अभियान के दौरान अधोसंरचना के कार्यों का लोकार्पण किया जाये। प्रत्येक नगर में बड़े कार्यक्रम आयोजित कर मंत्रीगण एवं क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधि को आमंत्रित किया जाये।
श्री चौहान ने कहा कि इस प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान सहज और सरल ढंग से स्थानीय नागरिकों को जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाये। स्वच्छता अभियान व्यापक रूप से चलाया जाये। उन्होंने शहरी क्षेत्र में स्थित शासकीय भवनों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई विशेष रूप से करने के निर्देश दिये। इस दौरान बेरोजगार युवाओं को चिन्हित कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ और ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाने को कहा।
इस महत्वाकांक्षी अभियान का प्रथम चरण 25 से 28 दिसम्बर तक, द्वितीय चरण 03 से 15 जनवरी तक तथा तीसरा चरण 20 जनवरी से 05 फरवरी तक चलेगा। जिलेवार अभियान के प्रभारी कलेक्टर होंगे। प्रत्येक वार्ड का दल गठित किया जायेगा। यह दल वार्ड में भ्रमण करेगा और सर्वे करेगा। दल द्वारा अधोसंरचना विकास एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की मैदानी वस्तु-स्थिति की जानकारी एकत्र की जायेगी। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। अधोसंरचना विकास के कार्यों एवं विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राही चिन्हित किये जायेंगे। लोगों को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक किया जायेगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान भी चलेगा। साथ ही दल द्वारा अन्य विभागों के कार्यों का पर्यवेक्षण भी किया जायेगा।
बैठक में नगरीय विकास मंत्री माया सिंह, मुख्य सचिव बी.पी. सिंह तथा नगरीय विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य, लोक निर्माण, महिला-बाल विकास, आदिम-जाति कल्याण, पर्यावरण, शिक्षा, सामान्य प्रशासन आदि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान आयुक्त नगरीय विकास विवेक अग्रवाल द्वारा अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |